चार साल बाद BTS ने भव्य वर्ल्ड टूर का ऐलान किया है। मार्च 2026 में नया एल्बम और 34 शहरों में 79 शो के साथ के-पॉप सुपरस्टार्स की दमदार वापसी, भारत को लेकर फैंस में बढ़ी उत्सुकता।
चार साल के लंबे ब्रेक के बाद के-पॉप की दुनिया में एक बार फिर बड़ा धमाका होने जा रहा है। ग्लोबल सुपरस्टार बीटीएस (BTS) ने अपने भव्य वर्ल्ड टूर का ऐलान कर दिया है, जिसके साथ ही दुनियाभर में मौजूद उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बैंड ने यह जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए साझा की, जिसके बाद से यह खबर ट्रेंड करने लगी है।
संगीत की दुनिया में धमाकेदार वापसी
‘डायनामाइट’ और ‘बटर’ जैसे रिकॉर्ड तोड़ गानों से अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका BTS पहले ही इतिहास रच चुका है। स्पॉटिफाई पर सबसे ज्यादा स्ट्रीम किए जाने वाले के-पॉप ग्रुप होने के साथ-साथ BTS बिलबोर्ड 200 और बिलबोर्ड आर्टिस्ट 100 चार्ट में टॉप पर पहुंचने वाला पहला के-पॉप बैंड भी रहा है। अब चार साल बाद उनकी वापसी को म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है।
क्यों लिया था ब्रेक?
साल 2022 के बाद BTS न तो किसी वर्ल्ड टूर पर निकला और न ही ग्रुप के तौर पर नया म्यूजिक रिलीज किया गया। इसकी वजह दक्षिण कोरिया का अनिवार्य सैन्य सेवा कानून रहा, जिसके तहत 30 वर्ष से कम उम्र के सभी सक्षम पुरुषों को सेना में सेवा देना जरूरी होता है। ग्रुप के सभी सातों सदस्यों ने अपनी-अपनी सैन्य जिम्मेदारियां पूरी कर ली हैं, जिसके बाद अब BTS एक बार फिर पूरी टीम के साथ मंच पर लौटने को तैयार है।

वर्ल्ड टूर से पहले नया एल्बम
नए साल की शुरुआत में BTS ने यह भी साफ किया कि वर्ल्ड टूर पर जाने से पहले मार्च 2026 में उनका नया एल्बम रिलीज किया जाएगा। फैंस लंबे समय से जिस पल का इंतजार कर रहे थे, अब वह वक्त करीब आता नजर आ रहा है।
अब तक का सबसे बड़ा टूर
बैंड की एजेंसी हाइब के मुताबिक, यह किसी भी साउथ कोरियन आर्टिस्ट का अब तक का सबसे बड़ा वर्ल्ड टूर होगा। इस टूर के तहत BTS 34 शहरों में कुल 79 लाइव परफॉर्मेंस देगा। टूर की शुरुआत 9 अप्रैल 2026 को दक्षिण कोरिया के गोयांग शहर से होगी, जिसके बाद जापान, अमेरिका और यूरोप के कई प्रमुख शहरों में शो आयोजित किए जाएंगे। यह सिलसिला मार्च 2027 तक चलने की संभावना है।
भारत को लेकर क्या है अपडेट?
भारतीय आर्मी (ARMY) के लिए फिलहाल खबर थोड़ी निराशाजनक जरूर है। अभी जारी की गई टूर लिस्ट में भारत शामिल नहीं है, लेकिन बैंड ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में और शहर जोड़े जा सकते हैं। सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के अनुसार, 2027 में भारत में परफॉर्मेंस की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया गया है।
फैंस का मिला-जुला रिएक्शन
BTS की वापसी की खबर सुनते ही सोशल मीडिया पर फैंस की भावनाएं छलक पड़ीं। कोई खुशी से झूमता नजर आया तो किसी ने भारत का नाम न होने पर मायूसी जताई। एक यूजर ने लिखा, “इतना खुश भी हूं और थोड़ा उदास भी।” वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, “कोई बात नहीं, 2027 तक इंतजार कर लेंगे और तब तक टिकट के पैसे बचाएंगे।”
बीटीएस की वापसी न सिर्फ उनके फैंस के लिए, बल्कि पूरी ग्लोबल म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा इवेंट मानी जा रही है। अब सभी की नजरें उनके नए एल्बम और स्टेज पर धमाकेदार कमबैक पर टिकी हैं।
यह भी पढ़े : China-जापान संबंधों में फिर बढ़ा तनाव, नए निर्यात नियमों से टोक्यो की खेपें अटकीं; बीजिंग ने दी सख्त चेतावनी
