T20 World Cup 2026 के फाइनल से पहले ICC ने ‘Player of the Tournament’ के लिए 8 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है। जानिए किस खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा प्रभाव छोड़ा।
नई दिल्ली: क्रिकेट में अक्सर कहा जाता है कि मौका हर किसी को नहीं मिलता, लेकिन जब मिलता है तो उसे पकड़ना पड़ता है। T20 World Cup 2026 में संजू सैमसन ने यही करके दिखाया।
टूर्नामेंट की शुरुआत में उन्हें टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह तक नहीं मिली थी, लेकिन बाद में जब मौका मिला तो उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया कि अब वे ‘Player of the Tournament’ के सबसे मजबूत दावेदारों में गिने जा रहे हैं।
रविवार 08 मार्च को अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले International Cricket Council (ICC) ने उन 8 खिलाड़ियों की सूची जारी की है जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।
संजू सैमसन — इंतजार से स्टार बनने तक
टूर्नामेंट की शुरुआत में भारतीय टीम ने ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को दी थी, जबकि तिलक वर्मा नंबर तीन पर खेल रहे थे। ऐसे में संजू सैमसन को शुरुआती मैचों में बाहर बैठना पड़ा।
नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले अभिषेक शर्मा बीमार हो गए और सैमसन को खेलने का मौका मिला। उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 22 रन बनाकर अपनी झलक दिखा दी। लेकिन अभिषेक के फिट होने के बाद सैमसन फिर टीम से बाहर हो गए।
पाकिस्तान, नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसे बड़े मैचों में वे सिर्फ ड्रेसिंग रूम से ही खेल देखते रहे।
फिर आया बड़ा मौका
सुपर-8 में भारत को पहला मैच हारना पड़ा। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम ने सैमसन को मौका दिया और उनसे ओपनिंग भी कराई।
जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 24 रन बनाए। लेकिन असली कमाल वेस्टइंडीज के खिलाफ देखने को मिला। यह मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा था।
सैमसन ने इस मैच में 97 रन की शानदार नाबाद पारी खेली और भारत को जीत दिलाई।
इसके बाद सेमीफाइनल में भी उन्होंने 89 रन बनाए। पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 4 मैच खेलकर उन्होंने 232 रन बनाए, उनका स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा रहा और उन्होंने 16 छक्के लगाए।
पिछले दो मैचों में वे ‘Player of the Match’ भी रहे।
बाकी 7 खिलाडियों की भी मजबूत है दावेदारी
साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान)
फरहान ने इस टूर्नामेंट में 383 रन बनाए, जो एक T20 World Cup में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने दो शतक भी लगाए। हालांकि पाकिस्तान नॉकआउट में नहीं पहुंच पाया।
विल जैक्स (इंग्लैंड)
विल जैक्स ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 226 रन बनाए और 9 विकेट भी लिए। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम योगदान दिया।
लुंगी एनगिडी (दक्षिण अफ्रीका)
एनगिडी ने टूर्नामेंट में 12 विकेट लेकर अपनी टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी। कई अहम मौकों पर उन्होंने विकेट निकालकर मैच का रुख बदला।
ऐडन मार्करम (दक्षिण अफ्रीका)
मार्करम ने 286 रन बनाए और कई मैचों में टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली।
रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड)
रचिन रवींद्र ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 128 रन बनाए और 11 विकेट भी लिए।
टिम सिफर्ट (न्यूजीलैंड)
टिम सिफर्ट ने 274 रन बनाए और तीन अर्धशतक लगाए। वे दो बार ‘Player of the Match’ भी रहे।
शेडली वान शाल्कविक (अमेरिका)
अमेरिका के इस गेंदबाज ने ग्रुप स्टेज के चार मैचों में ही 13 विकेट लेकर सबको चौंका दिया और टूर्नामेंट के टॉप विकेट-टेकर बन गए।
इस टूर्नामेंट में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और हर किसी की अपनी अलग कहानी रही। किसी ने बल्ले से कमाल किया तो किसी ने गेंद से।
लेकिन संजू सैमसन की कहानी इसलिए खास बन जाती है क्योंकि उन्होंने मुश्किल हालात में मौका मिलने पर खुद को साबित किया।
अब देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल जीतने के बाद यह Player of the Tournament किस खिलाड़ी के नाम होता है।
