नई दिल्ली: आईपीएल के इस सीजन में CSK की परेशानियां कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। टीम पहले से ही लगातार खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है, जिसके कारण लगभग हर मैच में टीम को एक नई प्लेइंग इलेवन कॉम्बिनेशन के साथ मैदान में उतरना पड़ रहा है। यही वजह है कि कप्तान Ruturaj Gaikwad के लिए पूरे सीजन टीम का संतुलन बनाए रखना सबसे बड़ी दिक्कत बनी हुई है।
मार्श की पारी ने किया CSK का काम खराब
वहीं कल लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में Lucknow Super Giants ने CSK को एकतरफा हराकर उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिशेल मार्श ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 38 गेंदों में 90 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
उनकी बल्लेबाजी के सामने CSK के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। मार्श की पारी की बदौलत लखनऊ ने मुकाबला 3.1 ओवर पहले ही खत्म कर दिया, जिससे चेन्नई को सिर्फ हार ही नहीं, बल्कि नेट रन रेट में भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।
बचे मुकाबले जीतने होंगे
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो गई है। टीम के अभी दो मुकाबले बाकी हैं और अगर CSK को प्लेऑफ में जगह बनानी है, तो उसे बचे दोनों ही मैच जीतने होंगे। ये मुकाबले भी आसान नहीं होने वाले हैं, क्योंकि चेन्नई को हैदराबाद और गुजरात जैसी टीमों के साथ भिड़ना है।
CSK की नजर RR और पंजाब के मैचों पर भी रहेगी
इसके अलावा चेन्नई की उम्मीदें अब दूसरी टीमों के नतीजों पर भी टिकी हुई हैं। खासतौर पर राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के मैचों के नतीजे भी CSK के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
लखनऊ के खिलाफ मिली हार के बाद टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान से फिसलकर छठे स्थान पर पहुंच गई है, जिससे प्लेऑफ की रेस CSK के लिए और भी कठिन हो गई है।
