दिल्ली पुलिस ने छात्राओं को समझाया गुड टच और बैड टच का अंतर

निडर नारी अभियान के तहत SKV मंडी स्कूल में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सीमाओं और असुरक्षित स्थिति में मदद मांगने की जानकारी दी गई

नई दिल्ली: बच्चों और छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए दिल्ली पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में दक्षिण जिला पुलिस ने ‘निडर नारी’ अभियान के तहत SKV मंडी स्कूल में छात्राओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें उन्हें गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाने के साथ आत्मरक्षा के तरीके भी बताए गए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को अपनी व्यक्तिगत सीमाओं को समझने और किसी भी असहज या असुरक्षित स्थिति को पहचानने की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि अनुचित व्यवहार का सामना होने पर चुप रहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।

असहज अनुभव को छिपाएं नहीं

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सलाह दी कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उन्हें किसी के व्यवहार से असहज महसूस होता है, तो वे इसे छिपाएं नहीं। ऐसी स्थिति में माता-पिता, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद वयस्क को जानकारी दें।

अधिकारियों ने यह भी समझाया कि अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना और जरूरत पड़ने पर मदद मांगना कमजोरी नहीं है। छात्राओं को मुश्किल परिस्थितियों में आत्मविश्वास और सूझबूझ के साथ कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

आत्मरक्षा के तरीके भी बताए

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। छात्राओं को संभावित खतरों के समय खुद को सुरक्षित रखने के तरीके समझाए गए। प्रशिक्षण में आत्मविश्वास और सतर्कता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, ‘निडर नारी’ अभियान के तहत स्कूलों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (IPS) के नेतृत्व में किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *