रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म ‘Dhurandhar 2’ ने रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड बना लिया है। डिजिटल, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स से फिल्म ने कुल 245 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक नॉन-थिएट्रिकल डील हासिल की है।
नई दिल्ली: रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Dhurandhar: The Revenge’ ने सिनेमाघरों में आने से पहले ही बॉलीवुड में हलचल मचा दी है। वजह है फिल्म का जबरदस्त नॉन-थिएट्रिकल बिजनेस, जिसने कमाई के सारे पुराने पैमाने तोड़ दिए हैं। डिजिटल, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स के जरिए फिल्म ने कुल 245 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड डील हासिल की है, जो हालिया वर्षों की सबसे बड़ी डील्स में गिनी जा रही है।
ये भी पढ़े :-बॉलीवुड–साउथ कनेक्शन या मार्केटिंग नैरेटिव? मृणाल–धनुष चर्चा पर इंडस्ट्री की राय
डिजिटल–सैटेलाइट–म्यूजिक राइट्स से बनी रिकॉर्डतोड़ डील
इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, फिल्म के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स जियो हॉटस्टार ने करीब 150 करोड़ रुपये में अपने नाम किए हैं। वहीं, सैटेलाइट राइट्स (सभी भाषाओं के लिए) स्टार नेटवर्क को 50 करोड़ रुपये में मिले हैं। इसके अलावा, फिल्म के म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज ने 45 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। इन तीनों सौदों को मिलाकर ‘Dhurandhar 2’ की नॉन-थिएट्रिकल वैल्यू ऐतिहासिक स्तर तक पहुंच गई है।
मंदी के बीच भी ‘Dhurandhar 2’ का रिकॉर्डतोड़ उछाल
दिलचस्प बात यह है कि मौजूदा समय में जहां सैटेलाइट राइट्स की वैल्यू में गिरावट देखी जा रही है, वहीं ‘Dhurandhar 2’ ने इस ट्रेंड के खिलाफ जाकर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। यही वजह है कि यह डील अब हिंदी सिनेमा की टॉप नॉन-थिएट्रिकल डील्स में शामिल मानी जा रही है।
अगर पहली फिल्म से तुलना करें तो आंकड़े और भी चौंकाने वाले हैं। ‘Dhurandhar’ के नॉन-थिएट्रिकल राइट्स लगभग 140 करोड़ रुपये में बिके थे, जिसे उस वक्त शानदार डील माना गया था। लेकिन सीक्वल ने उस आंकड़े को लगभग दोगुना कर दिया है। इससे साफ है कि फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता और रणवीर सिंह की स्टार पावर दोनों में जबरदस्त उछाल आया है।
नेटफ्लिक्स से जियो हॉटस्टार तक बदला सफर
गौरतलब है कि पहली फिल्म थिएटर्स के बाद नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी, जबकि ‘Dhurandhar 2’ अब जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, सारा अर्जुन और कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, अक्षय खन्ना की मौजूदगी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही इसके बिजनेस आंकड़े यह साफ कर चुके हैं कि ‘Dhurandhar 2’ मेकर्स के लिए एक प्री-रिलीज प्रॉफिट मशीन बन चुकी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म अपने बिजनेस को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाती है।
