ऑपरेशन चक्र 2.0: पश्चिमी दिल्ली में 185 चोरी के वाहन बरामद, 44 गिरफ्तार

ऑपरेशन चक्र 2.0: पश्चिमी दिल्ली में 185 चोरी के वाहन बरामद, 44 गिरफ्तार

DCP हरेश्वर वी. स्वामी के नेतृत्व में 72 घंटे का विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने झपटमारी और अन्य अपराधों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली में वाहन चोरी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 185 चोरी के वाहन बरामद किए और 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन चक्र 2.0’ के तहत 72 घंटे के अभियान के दौरान की।

पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के नेतृत्व में चल रही इस मुहिम का उद्देश्य अपराधों पर रोक लगाना और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है।

झपटमारों और आदतन अपराधियों पर भी कार्रवाई

त्योहारों से पहले पुलिस ने झपटमारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान अवैध हथियार और चोरी किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

इसके अलावा, ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत घोषित अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई। पुलिस संवेदनशील इलाकों में निगरानी और रात्रिकालीन गश्त भी बढ़ा रही है।

वरिष्ठ नागरिकों को घर जाकर दे रही सुरक्षा की जानकारी

अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस ने सामुदायिक संपर्क को भी अपनी प्राथमिकता बनाया है। पुलिसकर्मी वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनसे बातचीत कर रहे हैं। उन्हें अपराध के नए तरीकों और सुरक्षा उपायों के बारे में बताया जा रहा है।

शिक्षण संस्थानों में साइबर अपराध, नशे और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

रामलीला स्थलों पर निगरानी और शिकायत केंद्र

त्योहारों के दौरान पश्चिमी दिल्ली के 41 रामलीला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसके साथ शिकायत निवारण केंद्र और जागरूकता कियोस्क भी स्थापित किए गए।

पुलिस ने बाजार संगठनों और स्थानीय निवासियों के साथ बैठक कर अतिक्रमण, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल जैसे विषयों पर चर्चा की।

पुलिस और जनता के बीच संवाद पर जोर

नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को स्थानीय निवासियों से सार्वजनिक मंचों पर मिलवाने की पहल भी की जा रही है। इससे नागरिकों को अपने इलाके के पुलिसकर्मियों की जानकारी मिलेगी।

एमईआरआई के मानव संसाधन प्रमुख प्रोफेसर तपस डे ने पुलिस के प्रयासों की सराहना की। पश्चिमी दिल्ली पुलिस ‘विमुक्त’ और ‘तालमेल’ जैसी पहलों के जरिए अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता बढ़ाने पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *