आधार-पैन के दुरुपयोग से आम आदमी कैसे बन रहा बड़े घोटालों का शिकार
01 सितंबर 2025, नई दिल्ली
अक्सर सुना जाता है कि लोगों के आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा किया जाता है, लेकिन बुलंदशहर में घटित एक ताजा मामला तो पुलिस को भी हैरान कर गया। शहर की कोतवाली क्षेत्र के नयागंज मोहल्ले में रहने वाले छोटे से परचून दुकानदार सुधीर गुप्ता को आयकर विभाग की ओर से 1 अरब 41 करोड़ 38 लाख रुपये से ज्यादा के टैक्स बकाए का नोटिस थमा दिया गया।
सुधीर गुप्ता, जिनकी जीविका महज़ एक छोटी किराना दुकान पर निर्भर है, इस नोटिस के बाद गहरे सदमे में हैं। हैरानी की बात यह रही कि जिन बैंक खातों से करोड़ों का लेन-देन दिखाया गया है, उनका उनसे कोई लेना-देना ही नहीं है। जब सुधीर ने अपने पैन कार्ड का ब्यौरा निकलवाया तो पता चला कि दिल्ली की छह कंपनियां उनके नाम और पैन का इस्तेमाल कर रही थीं।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
सुधीर की आमदनी बहुत साधारण है और वे अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गुजर-बसर कर रहे हैं। अचानक मिले इस नोटिस ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। सुधीर बताते हैं कि इतनी बड़ी रकम का नाम तक उन्होंने कभी नहीं सुना था, मगर नोटिस में उनसे डेढ़ अरब रुपये जमा करने की बात कही गई। इस सदमे से परिवार की हालत यह है कि घर में खाना तक नहीं बन रहा।
यह भी पढ़े: Honey Singh का नया धमाका: ‘Mafia’ गाने का टीजर हुआ रिलीज, नरगिस फाखरी संग दिखे रैपर
पुलिस में दर्ज हुई एफआईआर
नोटिस मिलने के बाद सुधीर सीधे पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे। शुरुआत में अफसरों को भी इस मामले पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब दस्तावेज़ सामने आए तो पूरी हकीकत स्पष्ट हो गई। सुधीर ने दिल्ली की उन छह कंपनियों के संचालकों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
जांच में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक (खुर्जा) डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि किराना व्यापारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सुधीर गुप्ता का कहना है कि अब उन्हें और उनके परिवार को अपनी सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। उनका आग्रह है कि पुलिस न केवल दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे बल्कि उन्हें न्याय भी दिलाए।
यह भी पढ़े: ‘Param Sundari’ Review: सिद्धार्थ-जान्हवी की जोड़ी ने जमाया रंग, लेकिन ढीली कहानी खल गई
Suditi Raje has a background in investigative journalism, with a career spanning over 6 years. As part of the Jankiawaz team, she are committed to exposing the truth and bringing to light the stories that matter most.
