बीकानेर हाउस के तीज मेले में पहुंचीं जूनियर विश्व चैंपियन अनाहत सिंह

बीकानेर हाउस के तीज मेले में पहुंचीं जूनियर विश्व चैंपियन अनाहत सिंह

नई दिल्ली: भारत की युवा स्क्वैश खिलाड़ी और जूनियर विश्व चैंपियन अनाहत सिंह ने मंगलवार को बीकानेर हाउस में आयोजित तीज मेले में शिरकत की। उन्होंने राजस्थान की लोक कला और संस्कृति को करीब से जाना और मेले में लगे विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया।

अनाहत सिंह ने मेले में मौजूद कलाकारों और शिल्पकारों से मुलाकात की। उन्होंने राजस्थान के पारंपरिक हस्तशिल्प, परिधानों और खान-पान के बारे में जानकारी ली और कलाकारों के काम की सराहना की।

उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कार भी दिए। इस मौके पर अनाहत ने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

रोहित कुमार ने बताया तीज मेले का महत्व

प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने कहा कि अनाहत सिंह का तीज मेले में पहुंचना युवाओं और खेलों के साथ संस्कृति के जुड़ाव का अच्छा उदाहरण है। उन्होंने बताया कि अनाहत ने राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की विविधता की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि तीज जैसे आयोजन राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला दिखाने का अवसर देते हैं।

नीमराना ग्रुप के प्रतिनिधियों ने भी की शिरकत

बीकानेर हाउस में आयोजित तीज मेले में शाम के समय बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

नीमराना ग्रुप के अमननाथ और नीमराना होटल्स के सीईओ ने भी मेले का दौरा किया। उन्होंने कलाकारों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे बड़े शहर में राजस्थान की कला और संस्कृति को मंच देने वाले आयोजन प्रदेश की विरासत को व्यापक पहचान दिलाते हैं। ऐसे कार्यक्रम कलाकारों और शिल्पकारों के लिए नए अवसर भी पैदा करते हैं।

उन्होंने राजस्थान की कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी नीमराना ग्रुप की ओर से सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *